नगर निगम ने बुधवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। पुराना बस अड्डे के आसपास करीब ढाई घंटे तक चलाए गए अभियान में सैकड़ों ठेले, खोखे हटाए गए। निगम के प्रवर्तन दस्ते और पुलिस को अतिक्रमण हटाते देख दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया।
अधिकांश दुकानदारों ने खुद ही ठेले हटा लिए। अक्सर जाम से जूझने वाले मालीवाड़ा चौक और अंबेडकर रोड अतिक्रमण हटते ही चौड़े नजर आने लगे। निगम अफसरों ने अतिक्रमण करने वालों से 30 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला।
नगर निगम के संयुक्त नगरायुक्त एसके तिवारी ने बताया कि बुधवार सुबह 11 बजे पुराने बस अड्डे से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया गया। बस अड्डे से मालीवाड़ा तक सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाने के बाद जीडीए कार्यालय की ओर फुटपाथ पर लगे ठेले, खोखे हटाए गए।
जीडीए के पीछे की सड़क पर लगे ठेले हटाकर प्रवर्तन दस्ता पटेल नगर की ओर बढ़ा तो हड़कंप मच गया। निगम ने कई खोखे तोड़े तो अधिकांश ठेले वाले भाग खड़े हुए। दुकानदार भी सामान हटाने लगे। दोपहर करीब डेढ़ बजे अभियान समाप्त हुआ।
अतिक्रमण हटने के बाद से मालीवाड़ा चौक पर लगने वाला जाम भी खत्म हो गया। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण हटवाने के दौरान करीब 30 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला गया।
साथ ही अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गई है। अभियान के दौरान एसडीएम सदर अतुल कुमार, सिटी जोन के कर अधीक्षक सुधीर शर्मा, सिहानी गेट कोतवाली एसएचओ डालचंद और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।