करवाचौथ पर इस बार विशेष संयोग बन रहा है। इस बार 19 अक्तूबर (बुधवार) को करवाचौथ है। बुधवार के दिन रोहिणी नक्षत्र में करवाचौथ होने को ज्योतिषाचार्य विशेष संयोग मान रहे हैं। कुछ विद्वानों के अनुसार यह संयोग 100 साल बाद बन रहा है।पंडित शिव कुमार शर्मा ने बताया कि यह संयोग 100 साल बाद बन रहा है। इस दिन बुध कन्या राशी में रहेंगे।
इसी दिन गणेश चतुर्थी और कृष्ण जी का रोहिणी नक्षत्र भी है। बुधवार को गणेश जी और श्रीकृष्ण जी दोनों का दिन है, इसलिए इस बार का करवाचौथ का व्रत शुभ फल देने वाला होगा। इस दिन व्रत करने से सौभाग्य और सुख की प्राप्ति होगी।
पूजन विधि
पंडित रत्नेश द्विवेदी ने बताया कि पूूजन के समय अपने सामर्थ्य अनुसार 10 या 13 करवे रख सकते हैं। बालू की वेदी पर शिव-पार्वती, कार्तिकेय, गणेश और चंद्रमा की स्थापना करें। करवे मेें लड्डू का नैवेद्य अर्पित करेें, लोटा वस्त्र और विशेष करवा दक्षिणा के रूप में अर्पित कर पूजन का समापन करें। सायंकाल में चंद्रमा का पूजन कर अर्घ्य दें।
उसके बाद विशेष करवा के साथ साड़ी या वस्त्र अपनी सास या माता तुल्य महिला को भेंट कर आशीर्वाद लें। उन्होंने बताया कि पीली मिट्टी से बने शिव-पार्वती की प्रतिमा का पूजन करने से अखंड सौभाग्य और घर में धन-धान्य की वृद्धि होती है।
मेहंदी वालों की है एडवांस बुकिंग
करवाचौथ के दिन मेहंदी लगाने के लिए मेहंदी वालों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। करवाचौथ के लिए एक दिन पहले मंगलवार को महिलाएं मेहंदी लगवाएंगी। इसके लिए एक-एक मेहंदी वालों ने दस लोगों की टीम बनाई है। मंगलवार को सुबह से मेहंदी लगनी शुरू हो जाएगी जो देर रात तक चलेगी।
मेंहदी कॉर्नर वाले अनिल ने बताया कि मेहंदी के लिए दस लोगों की टीम बनाई गई है जो अलग-अलग स्थानों पर मेहंदी लाएंगे। मार्केट के अलावा सोसाइटीज में भी मेहंदी लगाने के स्टॉल लगा रहे हैं।
करवाचौथ के लिए आज खुले रहेंगे बाजार
। करवाचौथ के लिए मंगलवार को भी शहर के बाजार खुले रहेंगे। व्यापार मंडल के सदस्यों ने निर्णय लिया है कि त्योहारी सीजन में बाजार बंद करने से नुकसान होता है। साथ ही बुधवार को करवाचौथ है उस दिन मेहंदी लगाने से लेकर मेकअप और पूजन सामग्री खरीदने वालों को कोई परेशानी न हो इसके लिए मार्केट खोला जाएगा।
तुराब नगर मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष छाबड़ा ने बताया कि तुराब नगर मार्केट महिलाओं के लिए पसंदीदा मार्केट है इसलिए त्योहार सीजन में यहां सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। करवाचौथ पर मार्केट खुला रहेगा। सिक्योरिटी के लिए मार्केट के अंदर प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड और मार्केट के दोनों एंट्री प्वाइंट पर पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।
महानगर उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री अशोक चावला ने बताया कि दिवाली नजदीक है। इसलिए शहर के सभी बाजार मंगलवार को लगातार खुलेंगे।