फैजाबाद एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने के 18 घंटे बाद बहाल हुआ गाजियाबाद-मुरादाबाद रूट एक दिन बाद फिर बेहाल हो गया। इस रूट पर मरम्मत कार्य चलने और आंधी-बारिश से मुरादाबाद में रेलवे की ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) वायर टूटने से करीब दो घंटे तक गाजियाबाद-मुरादाबाद रेल रूट पर ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। इससे मुरादाबाद से गाजियाबाद और दिल्ली जाने वाली ट्रेनें डेढ़ से चार घंटे की देरी से पहुंचीं।
रूट बाधित होने से बुधवार को मुरादाबाद-आनंद विहार मेमू का संचालन रद्द कर दिया गया। इससे गाजियाबाद में भी यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक देर रात करीब एक बजे आंधी-तूफान के बाद ओएचई वायर टूट गया।
इसके चलते मुरादाबाद-गाजियाबाद रूट पर फिर ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। करीब दो घंटे बाद 2:50 बजे रेलवे के इंजीनियरों ने टूटे ओएचई वायर को ठीक कर ट्रेनों का संचालन सुचारु कराया। डीटीएम डीके चोपड़ा ने बताया कि इस फाल्ट के चलते ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा। मुरादाबाद से गाजियाबाद की ओर आने वाली ट्रेनें 1:30 से 4 घंटे की देरी से पहुंची।
..
ये ट्रेनें हुईं लेट
लखनऊ एसी स्पेशल और सत्याग्रह एक्सप्रेस 3:30 घंटे, फैजाबाद-दिल्ली एक्सप्रेस 4 घंटे, बरेली-दिल्ली इंटरसिटी 2 घंटे, न्यूजलपाई गुड़ी एक्सप्रेस 20 घंटे, शहीद एक्सप्रेस 2:30 घंटे, स्वतंत्रता सेनानी 1:30 घंटे, पद्मावत एक्सप्रेस 4 घंटे की देरी से गाजियाबाद स्टेशन पहुंची। जबकि दिल्ली से बरेली जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस भी 4:30 घंटे देरी से रवाना हुई।
..
मुरादाबाद और मेरठ की मेमू रद्द
रूट के दो घंटे बाधित होने की वजह से सुबह के समय इस पर ट्रेनों का लोड बढ़ गया। रेलवे ने बुधवार को मुरादाबाद-आनंद विहार मेमू रद्द कर दी। इसके चलते मुरादाबाद, गजरौला, गढ़, हापुड़, पिलखुवा, मसूरी क्षेत्र से गाजियाबाद और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मुरादाबाद से आनंद विहार पहुंचने के बाद यह ट्रेन यहां से मेरठ के लिए रवाना होती है। ऐसे में बुधवार को आनंद विहार-मेरठ मेमू भी कैंसल रही।