एनएच-24 किनारे लगे अवैध यूनिपोल हटाने पर सपा के जिला सचिव बुधवार को निगम अफसरों से भिड़ गए। उप नगर आयुक्त और सपा जिला सचिव के बीच तीखीं झड़प हुई। मामला बढ़ता देख उप नगर आयुक्त ने कॉल कर पुलिस बुला ली।
बाद में सपा नेता को बैकफुट पर आना पड़ा और निगम अफसरों ने पुलिस की मौजूदगी में अवैध विज्ञापन हटाने का अभियान चलाया। निगम टीम ने 11 अवैध यूनिपोल और 4 होर्डिंग्स हटाए।
अवैध विज्ञापनों पर मेयर अशु वर्मा और नगर आयुक्त अब्दुल समद के निर्देश पर शिकंजा कसने का अभियान चलाया जा रहा है। लगातार दूसरे दिन बुधवार को निगम ने एनएच-24 किनारे लगे यूनिपोल और अवैध विज्ञापन हटाने की कार्रवाई की।
दोपहर करीब एक बजे उप नगर आयुक्त एसके तिवारी, विज्ञापन विभाग के बाबू हिमांशु, प्रदीप कुमार, चौब सिंह प्रवर्तन दस्ते के साथ हाईवे पर पहुंचे। टीम ने एबीईएस कट से तिगरी कट तक विज्ञापन हटाए गए।
तिगरी कट के सामने लगे तीन यूनिपोल हटाने लगे तो सपा जिला सचिव आसिफ चौधरी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और निगम की टीम का विरोध किया। उन्होंने यूनिपोल नहीं कटने दिए। निगम अधिकारियों का कहना है कि विरोध कर रहे लोग बदसलूकी पर उतारू हो गए। इसके बाद कॉल कर पुलिस को बुलाया गया और अभियान पूरा किया गया। इ
अवैध विज्ञापन हटाने के दौरान आसिफ चौधरी और चार-पांच अन्य लोगों ने काम में बाधा डाली। टीम को काम नहीं करने दिया। उनके दो-तीन अवैध यूनिपोल हाईवे पर लगे थे। पुलिस को बुलाकर अभियान पूरा किया गया। - एसके तिवारी, उप नगर आयुक्त
मैंने काम में बाधा नहीं डाली। इस सिर्फ इतना कहा था कि अगर यूनिपोल हटाने हैं तो लालकुआं से यूपी गेट तक सभी के हटाओ। निगम अधिकारियों ने मेरे होर्डिग हटा दिए, बाकी लोगों के छोड़ दिए। - आसिफ चौधरी, जिला सचिव, सपा