साहिबाबाद। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर शुक्रवार को नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों की सांसें अटकी रहीं। इंदिरापुरम स्थित 40 एमएलडी टीएसटीपी प्लांट का निरीक्षण करने के लिए मुख्यमंत्री को दोपहर 2:20 बजे पहुंचना था। उनके आगमन की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में पूरी ताकत झोंक दी। हालांकि, कार्यक्रम रद्द होने की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए सड़कों की बदहाली छिपाने के लिए गड्ढों के आसपास फ्लैक्स बोर्ड लगा दिए गए। इससे सड़क पर आने-जाने वाले लोगों को होने वाली परेशानी और गड्ढों की स्थिति को ढकने का भरपूर प्रयास किया गया। वहीं, सीआईएसएफ रोड पर जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए कर्मचारी दोपहर दो बजे तक पानी निकालने में जुटे रहे। इस दौरान कर्मचारियों ने नाले और सड़क के पानी को निकालकर सीवर में भेजा गया। निगम अधिकारियों की कोशिश थी कि मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले सड़क से पानी हट जाए और रास्ता साफ दिखाई दे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी निरीक्षण स्थल के आसपास व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटे रहे। वहीं, जो पानी सड़क पर रह गया उसे फ्लैक्स से ढक दिया गया। सड़क पर जलभराव और गड्ढों को दूर करने का भरसक प्रयास किया गया। सामान्य दिनों में इन समस्याओं से जूझने वाले लोगों को भी उम्मीद थी कि वीआईपी दौरे के कारण कम से कम कुछ समय के लिए रास्ते सुधर जाएंगे, लेकिन निगम ने सुधार की बजाय समस्या छिपाने को प्राथमिकता दी।