गाजियाबाद। दिवाली पर घर जाने वाले लोगों को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। अब फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें नवंबर तक दौड़ेंगी। इतना ही नहीं दो स्पेशल ट्रेनों के स्टॉपेज भी गाजियाबाद में मिले हैं। वहीं दो अन्य स्पेशल ट्रेनें आनंद विहार से चलाई जाएंगी।
गाजियाबाद, नोएडा और साहिबाबाद के यात्री इन चारों ट्रेनों में गाजियाबाद और आनंद विहार से सफर कर सकेंगे। इन फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है। ऐसे में अगर आपको रेग्यूलर ट्रेनों में रिजर्वेशन नहीं मिल पाया है तो इन स्पेशल ट्रेनों में मौका मिल सकता है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक आनंद विहार-छपरा (05102/01) ट्रेन हर सोमवार को आनंद विहार से और हर रविवार छपरा से चलेगी। वहीं आनंद विहार-उधमपुर (04401/02) स्पेशल ट्रेन सोमवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को आनंद विहार से और मंगलवार, शुक्रवार व रविवार को ऊधमपुर से चलेगी।
इन दोनों ट्रेनों के स्टॉपेज गाजियाबाद में दिए गए हैं। इनके अलावा नई दिल्ली-बरौनी एसी स्पेशल (04404/04403)सप्ताह में दो दिन चलेगी। नई दिल्ली से यह ट्रेन हर मंगलवार और शुक्रवार शाम 7:25 बजे चलेगी और अगले दिन शाम 6:50 बजे बरौनी पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन बुधवार और शनिवार को चलेगी। इसी तरह दिल्ली से दरभंगा के लिए भी फेस्टिवल एसी स्पेशल ट्रेन (04406/04405) सप्ताह में दो दिन चलेगी। यह ट्रेन 28 नवंबर तक हर सप्ताह सोमवार और बृहस्पतिवार को दिल्ली से सुबह 11:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी।
वापसी में यह हर सप्ताह मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी। इन ट्रेनों के स्टॉपेज मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर में भी दिए गए हैं। ऐसे में गाजियाबाद, नोएडा और साहिबाबाद से इन क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को सहूलियत होगी।