गाजियाबाद। खाद्य एवं रसद विभाग की राज्य स्तरीय सतर्कता समिति में नेहरूनगर निवासी पंकज शर्मा के मनोनयन के बाद स्थानीय राजनीति में नया सियासी माहौल बन गया है। शासन स्तर पर हुए इस मनोनयन के बाद से ही के भीतर ''''पुराने बनाम नए'''' निष्ठावानों की अंदरूनी खींचतान और असंतोष खुलकर चर्चा का विषय बन गया है।
पूर्व महापौर की चुटकी ने दी हवा :
पार्टी के भीतर दबी-छिपी चल रही इस सुगबुगाहट को पूर्व महापौर आशु वर्मा की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने पूरी तरह हवा दे दी है। आशु वर्मा ने समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा में आए विधायक मनोज पांडे पर तंज कसते हुए लिखा-सपा से भाजपा में आए विधायक मनोज पांडे ने अपने साथ आए पंकज शर्मा को राज्य स्तरीय समिति में नामित करा दिया है। लिखा कि मैं मनोज पांडे को बधाई देता हूं कि वे अपने कार्यकर्ता का इतना ध्यान रखते हैं।
पूर्व महापौर के इस तंज के बाद स्थानीय भाजपाइयों की तीखी प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गईं। इसी बहस के बीच टिप्पणी करते हुए सुमित काकड़ा ने लिखा कि असली कार्यकर्ता अपने घर बैठा हुआ है। उनकी इस टिप्पणी ने संगठन के लिए दिन-रात काम करने वाले पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं के मन में सुलग रहे असंतोष को सार्वजनिक कर दिया है। ज्ञानेंद्र सिंहल ने लिखा कि ऐसे ही भाजपा की दरी बिछाते रहो। नंदकिशोर वशिष्ठ ने लिखा कि जो बाहर से आए हैं, उनको नागरिकता जरूर मिलनी चाहिए।
पुराने बनाम नए कार्यकर्ताओं का बढ़ा अंतर्विरोध :
इस घटनाक्रम ने भाजपा के अंदरूनी समीकरणों और गुटबाजी को सार्वजनिक कर दिया है। कार्यकर्ताओं का मानना है कि पार्टी के लिए दशकों से पसीना बहाने वाले निष्ठावानों की अनदेखी हो रही है, जबकि दूसरे दलों से आए नेताओं के समर्थकों को शासन स्तर पर तुरंत पद दिए जा रहे हैं। हालांकि, इस तीखी छींटाकशी पर पार्टी नेतृत्व की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन खाद्य एवं रसद विभाग के इस आदेश ने गाजियाबाद के स्थानीय सांगठनिक माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है।