गाजियाबाद। भूगर्भ जल दोहन करने पर लगे जुर्माने की राशि नहीं जमा करने पर मंगलवार को बृज विहार स्थित बाल भारती स्कूल को एनओसी नहीं जारी की गई है। इसके साथ ही जुर्माने की दोगुनी राशि लगभग आठ लाख रुपये जमा करने के लिए अंतिम नोटिस जारी किया गया। यह सभी निर्णय मंगलवार को विकास भवन में आयोजित भूगर्भ जल परिषद की बैठक में लिया गया है।
विकास भवन में सीडीओ कुमार सौरभ की अध्यक्षता में हुई बैठक में पोर्टल पर आए आवेदनों पर चर्चा की गई। जिसमें कूप पंजीकरण के लिए पांच आवेदनों को स्वीकृति दी गई। सीडीओ ने बताया कि बृज विहार बाल भारती पब्लिक स्कूल बिना एनओसी के भूजल दोहन कर रहा था। पूर्व में एनजीटी के निर्देश पर जिला भूगर्भ जल प्रबंधन परिषद ने चार लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। इसके बाद भी विभाग से भूजल दोहन के लिए एनओसी नहीं ली। इसके बाद जुर्माने की राशि को दोगुना करके आठ लाख रुपये कर दिया गया था। स्कूल की तरफ से पोर्टल पर एनओसी के लिए आवेदन किया गया है। समिति और शासन के निर्णय के अनुसार जब तक स्कूल प्रबंधन जुर्माने की राशि जमा नहीं करता तब तक एनओसी जारी नहीं की जाएगी।