गाजियाबाद। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए समय पर पहचान और उपचार बेहद जरूरी है, लेकिन जिले में मरीजों के सामने बीमारी के साथ बेहतर इलाज हासिल करने की चुनौती भी है। जिले में सरकारी स्तर पर कैंसर की व्यापक जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों और समुचित उपचार की सुविधाएं सीमित हैं।
सरकारी मेडिकल कॉलेज नहीं होने के कारण गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दिल्ली और आसपास के बड़े निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। नवंबर महीने में अग्न्याशय, फेफड़े, पेट और प्रोस्टेट कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष जागरूकता अभियान के रूप में मनाया जाता है। शनिवार को राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस के रूप में मनाया गया।
लक्षण मिलने पर जांच जरूर कराएं
कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. राशि अग्रवाल के अनुसार, कैंसर के मामले में सबसे बड़ी चुनौती शुरुआती लक्षणों की पहचान है। अग्न्याशय के कैंसर में शुरुआत में स्पष्ट लक्षण नहीं दिखाई देते। पेट या पीठ में लगातार दर्द, भूख कम लगना, बिना वजह वजन घटना और पीलिया जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। पेट के कैंसर में लगातार अपच, पेट में दर्द, उल्टी, भूख में कमी और खून की कमी जैसे संकेत मिल सकते हैं। वहीं प्रोस्टेट कैंसर में बार-बार पेशाब आना, पेशाब करने में परेशानी और धार कमजोर होना प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक से परामर्श ले जरूरी जांच करानी चाहिए।
धूम्रपान से बढ़ता है फेफड़ों के कैंसर का खतरा
छाती रोग विशेषज्ञ व आईएमए के प्रदेश सचिव डॉ. आशीष अग्रवाल के अनुसार, फेफड़ों के कैंसर का प्रमुख कारण धूम्रपान है। इसके अलावा वायु प्रदूषण, तंबाकू के धुएं और औद्योगिक रसायनों के लंबे समय तक संपर्क में रहने से भी खतरा बढ़ सकता है। लगातार खांसी, खांसी में खून आना, सीने में दर्द, सांस फूलना और बिना वजह वजन घटना जैसे लक्षणों को सामान्य समझकर टालना खतरनाक हो सकता है। धूम्रपान से दूरी और समय पर चिकित्सकीय जांच इस बीमारी से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
स्थानीय अध्ययन में भी सामने आई जागरूकता की कमी
डॉ. आशीष का कहना है कि जिले में निजी संस्था ने 104 वयस्कों पर अध्ययन किया था। इसमें फेफड़ों के कैंसर के प्रति केवल 48.1 प्रतिशत लोगों को जानकारी होने की बात सामने आई। इससे स्पष्ट है कि बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।
नहीं है सरकारी अस्पताल में व्यवस्था
जिला एमएमजी अस्पताल में कैंसर मरीजों के लिए पांच बिस्तरों का वार्ड और कीमोथेरेपी सुविधा शुरू करने की तैयारी की कवायद हुई थी, लेकिन आज तक व्यवस्था धरातल पर नहीं उतर सकती है। सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों, जांच और उपचार की व्यवस्था मजबूत होने से मरीजों को दूसरे शहरों की दौड़ से राहत मिल सकती है।
सीएमओ डॉ. सचिन चंद्र वैश्य का कहना है कि जांच और काउंसिल की सुविधा शुरू हो चुकी है। जल्द ही इलाज की भी व्यवस्था शुरू कराई जाएगी।