एसआरएम टीम के निरीक्षण में सामने आई सुविधा की कमी, स्टाफ नर्स और महिला चिकित्सक की तैनाती की उठी मांग
सहारनपुर से आई टीम ने परखी स्वास्थ्य सेवाएं, आरोग्य मेले में मरीजों से लिया फीडबैक
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। मुरादनगर ब्लॉक के निवाड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर लंबे समय बाद भी प्रसव सेवाएं शुरू नहीं हो सकी हैं। इसके चलते क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए दूसरे स्वास्थ्य केंद्रों या अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। शासन के निर्देश पर सहारनपुर से आई दो सदस्यीय एसआरएम टीम के निरीक्षण के दौरान यह समस्या सामने आई। पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने केंद्र पर प्रसव सेवाएं शुरू कराने के लिए स्टाफ नर्स और महिला चिकित्सक की तैनाती की मांग उठाई।
सहारनपुर के जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार और जिला क्षय रोग समन्वयक मुकेश ने सुबह करीब 11 बजे निवाड़ी पीएचसी पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं और मुख्यमंत्री आरोग्य मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि शर्मा, फार्मासिस्ट चंचल त्यागी, लैब टेक्नीशियन सपना और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भारत भूषण भी निरीक्षण के दौरान उपस्थित थे।
टीम ने आरोग्य मेले में पहुंचे मरीजों से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। मरीजों ने सेवाओं पर संतुष्टि जताई, लेकिन पीएचसी पर प्रसव सुविधा का अभाव एक बड़ी कमी के रूप में सामने आया। निरीक्षण के समय दो बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा था।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि शर्मा ने टीम को बताया कि निवाड़ी पीएचसी पर प्रसव सेवाएं शुरू कराने की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। इसके लिए स्टाफ नर्स और महिला चिकित्सक की तैनाती जरूरी है। शासन से दोनों की तैनाती की मांग की गई है। हालांकि, जब तक आवश्यक स्टाफ उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक केंद्र पर प्रसव सेवाएं शुरू होने का रास्ता साफ नहीं है।