एनएच-24 पर बुधवार रात ट्रक और कार खराब हो जाने से हाईवे पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा, जिसमें सैकड़ों वाहन फंसे रहे। इनमें एक एंबुलेंस भी थी, जिसे रांग साइड निकाला गया। लोग जाम में फंसे थे और नोएडा-गाजियाबाद पुलिस नदारद थी। आसपास के गांव के लोगों ने जाम खुलवाने में मदद की, तब जाकर यातायात सामान्य हुआ।
बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे दिल्ली से गाजियाबाद की ओर को जाने वाले रोड पर (एनएच-24) छिजारसी कट के पास एक कार और ट्रक खराब हो गए। पीक आवर्स होने के कारण थोड़ी ही देर में वाहनों का दबाव बढ़ गया, जिससे लंबा जाम लग गया।
इस दौरान जल्दी निकलने के फेर में कुछ वाहन चालक रांग साइड चलने लगे। इससे जाम और भयावह हो गया। जाम में फंसे एक कार चालक ने बताया कि वह डेढ़ घंटे तक जाम में फंसा था, वाहन सरक भी नहीं पा रहे थे। नोएडा से गाजियाबाद की ओर आने वाले लोगों को करीब दो घंटे तक जाम का सामना करना पड़ा।
वहीं, गाजियाबाद से नोएडा की ओर जाने वाले वाहन चालक भी जाम से दोचार हुए। हालांकि जाम से परेशान लोगों ने सोशल मीडिया और 100 नंबर पर कॉल पर पुलिस को इसकी सूचना दी।
मगर पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार का कहना है कि पुलिस मौके पर पहुंची और कार-ट्रक हटवाया, जिससे रात करीब साढ़े 10 बजे जाम खुला। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ।