नोएडा-दिल्ली जाने वालों को मंगलवार को परेशानी होगी। दरअसल, नोएडा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के मद्देनजर एनएच-24 पर भारी वाहनों और रोडवेज बसों का रूट बदलेगा। इन्हें बदले रूट से घूमकर ही जाना होगा।
टीआई अनिल कुमार ने बताया कि दोपहर 12 बजे से शाम सात बजे तक यूपी गेट से छिजारसी कट तक भारी वाहन नहीं चलेंगे। हल्के वाहन (कार-बाइक) चलती रहेंगी। भारी वाहनों को यूपी गेट से डायवर्ट कर डाबर और सीआईएसएफ की तरफ से भेजा जाएगा। हापुड़, बुलंदशहर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों और रोडवेज बसों को लालकुआं से डायवर्ट किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा कारणों के चलते ऑटो का संचालन भी बंद किया जा सकता है। वैशाली, कौशांबी, वसुंधरा और मोहननगर से नोएडा सेक्टर-62 की ओर जाने वाले ऑटो को इंदिरापुरम में ही रोकने की तैयारी है। हालांकि ट्रैफिक हल्का रहा तो कुछ ऑटो को जाने दिया जा सकता है।
मोहननगर से नोएडा जाने वाले ऑटो को जयपुरिया मॉल के सामने रोका जा सकता है। वहीं कौशांबी से नोएडा जाने वाले ऑटो को काला पत्थर पर ही रोक दिया जाएगा। शाम करीब चार बजे प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने और करीब साढ़े पांच बजे वहां से निकलने के दौरान एनएच-24 पर पूरा ट्रैफिक रोक दिया जाएगा।
दोपहर बाद मेट्रो से नोएडा जाना होगा बेहतर
डायवर्जन की वजह से मंगलवार को मेट्रो से नोएडा जाना बेहतर होगा। भीड़ बढ़ने के कारण डीएमआरसी ने भी वैशाली-कौशांबी मेट्रो स्टेशन पर अतिरिक्त काउंटर खोलने का निर्णय लिया।
ड्रोन से होगी निगरानी
टीएचए में सुरक्षा चाक चौबंद रहेगी। सुबह से ही यूपी गेट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। खोड़ा के ऊपर ड्रोन से नजर रखी जाएगी।
सीआईएसएफ ग्राउंड पर उतरेगा राज्यपाल का हेलीकॉप्टर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक भी मौजूद रहेंगे। सीआईएसएफ कैंप के मैदान में उनका हेलीकॉप्टर उतरेगा। वहां से वह सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। इस दौरान एनएच-24 को बंद किया जाएगा।