नए साल के जश्न के जोश में होश मत खोएं। जश्न के दौरान अगर किसी ने हुड़दंग किया तो पुलिस उसकी खबर लेगी। गाजियाबाद पुलिस ने जश्न में डूबे हुड़दंगियों और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ प्लान तैयार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि खुद जश्न मनाएं और दूसरों को भी मनाने दें।
एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस पिछले दो दिनों से लगातार लोगों से अपील कर रही है कि 31 दिसंबर की रात मॉल्स, होटल, डिस्क, बार और सड़कों पर अगर किसी ने हुड़दंग किया तो पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई कर हवालात में बंद करेगी।
उन्होंने बताया कि लोगों के साथ ही होटलों और बार के मैनेजरों से अपील की गई है कि जश्न के दौरान वह अपने साथ-साथ दूसरों का भी ख्याल रखें। नशे में कतई वाहन नहीं चलाएं, इससे आपके साथ ही दूसरे भी सुरक्षित रहेंगे।
होटलों और बार संचालकों से मीटिंग में उनसे कहा गया है कि पुलिस की सुरक्षा के अलावा अपने स्तर पर भी होटल में सुरक्षा के इंतजाम करें। लोेगों को अधिक शराब नहीं परोसी जाए। कम आवाज में डीजे बजाएं, जिससे कालोनियों में रहने वाले लोगों को दिक्कतें न हो। इसके साथ ही हुक्का बार भी पुलिस के रडार पर रहेंगे।
महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर
एसएसपी ने बताया कि गाजियाबाद के होटल, मॉल्स, डिस्क व बार में आने वाली महिलाओं की सुरक्षा पुख्ता रहेगी। महिलाओं के साथ अभद्रता की शिकायत आने पर होटल, मॉल और बार संचालकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
हर एक किलो मीटर पर तैनात रहेगी पुलिस
न्यू ईयर की रात पर सड़कों पर हर एक किलोमीटर पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके लिए पुलिस ने शहर के आठ थानों को 16 हिस्सों में विभाजित किया है। उन्होंने बताया कि थाने के एक हिस्से में एसएचओ व दूसरे थाने के एसएसआई तैनात रहेंगे। सीओ, एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक, एसपी कंट्रोल रूम, एसपी क्राइम के साथ ही 800 से अधिक पुलिस बल सड़कों पर तैनात रहेगा।
नोटबंदी का नहीं पड़ा न्यू ईयर के ‘जाम’ पर असर
आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार नोटबंदी का लोगों के जाम (शराब) और नए साल के जश्न पर कोई फर्क नहीं पड़ा है। नोटबंदी के बीच साल 2017 दस्तक देने को तैयार है। जिला आबकारी अधिकारी करुणेंद्र सिंह ने बताया कि इस शुक्रवार शाम तक उनके पास 60 अस्थायी लाइसेंस के प्रार्थना पत्र आए हैं।
इसके साथ ही उन्होंने बताया कि साल 2015 में 44 और 2014 में 42 लाइसेंस जारी किए गए थे। उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाकर बिना अनुमति के शराब परोसने वालों पर कार्रवाई करेगा। घरों व बार में चल रही शराब की पार्टियों को रुकवाकर कार्रवाई करेगी।
न्यू ईयर जश्र में ‘सिंगल्स’ की नो एंट्री
हॉट सिटी में न्यू ईयर के जश्न के लिए होटलों ने पूरी तैयारी कर रखी है। मगर इतना ख्याल रखिए कि अकेले हैं तो आपकी कहीं एंट्री नहीं होने वाली है। आयोजकों ने सभी पार्टियों में कपल्स की एंट्री को ही अनुमति दी है।
नए वर्ष के आगमन की तैयारियों में होटल ने सिर्फ युगलों का ही ध्यान रखा है। उनकी तैयारियों में सिंगल लोग गायब हैं। अनलिमिटेड ड्रिंक व फूड का ऑफर भी 31 दिसंबर की रात सिर्फ जोड़ों को ही मिल पाएगा।
ऐसे में बाहर न्यू ईयर सेलिब्रेट करने वाले सिंगल लोगों को मायूसी हाथ आएगी। रेस्टोरेंट और होटल में बुकिंग पूरी हो चुकी हैं। इस बार कई होटलों में पार्टी के बाद रहने की व्यवस्था की गई है।
इसके लिए स्पेशल पास जारी किए गए हैं। रेडिसन होटल के सुरक्षा अधिकारी एआर दत्ता ने बताया कि कपल पास जारी किए गए हैं, जिसमें कई तरह की सुविधा लोगों को दी गई हैं। चौधरी मोड़ स्थित ओप्यूलेंट मॉल और आरडीसी स्थित मॉल में भी लाइव प्रोग्राम आदि की तैयारी है।
इसके अलावा ओप्यूलेंट मॉल के बैंक्वेट हॉल में 2000 में शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक डीजे की धुन पर डांस के साथ खाना-पीना अनलिमिटेड रहेगा। यह ऑफर कपल्स के लिए हैं और अभी तक 1500 रजिस्ट्रेशन हो गए हैं।
मॉल्स के अलावा होटल और रेस्टोरेंट में भी 31 दिसंबर के रात की खास तैयारियां हैं। राजनगर के पिंडी रेस्टोरेंट में 800 में अनलिमिटेड फूड का ऑफर है। इसके अलावा रेडीसन ब्लू होटल में 4999 में प्रति व्यक्ति अनलिमिटेड ड्रिंक्स के साथ अनलिमिटेड फूड का ऑफर है।
- न्यू ईयर की पूर्वरात्रि में हॉट सिटी की अधिकांश सोसायटीज में होगा धमाल
न्यू ईयर पर धमाल करने के लिए टीएचए की अधिकांश सोसायटीज में 31 दिसंबर की रात का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। टीएचए की कौशांबी, एपेक्स ग्रीन सोसायटी, एटीएस, महागुन मेेंशन, सुपरटेक, अरिहंत, रिषभ प्लेटिनम सोसायटीज सहित वसुंधरा, वैशाली, डेल्टा कॉलोनी और साहिबाबाद में न्यू ईयर पर जश्र मनाया जाएगा।
इस बार हॉट सिटी के रेजिडेंट्स ने बाहर जाकर मस्ती करने के बजाए सोसायटी के साथ मिलकर धमाल मचाने की योजना बनाई है। इसके लिए सोसायटी के बुजुर्ग, महिलाओं और बच्चों को अलग-अगल जिम्मेदारियां सौंप दी गईं हैं। सोसायटियों और कालोनियों में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।