गाजियाबाद। जिले में गैर-परिवहन (निजी) वाहनों के लिए परिवहन विभाग ने नई पंजीकरण सीरीज यूपी 14 एचएल शुरू कर दी है। इसके साथ ही वाहन स्वामियों के लिए आकर्षक और अति-आकर्षक (फैंसी) नंबरों की ऑनलाइन नीलामी व बुकिंग की प्रक्रिया भी खोल दी गई है। वहीं, पूर्व में चल रही यूपी 14 एचके सीरीज के समाप्त होने के बाद इसके शेष बचे नंबरों को ब्लॉक कर दिया गया है।
एआरटीओ प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में निजी वाहनों की पूर्व प्रचलित सीरीज यूपी 14 एचके शुक्रवार को पूर्ण हो गई। मुख्यालय के नियमानुसार नई सीरीज यूपी 14 एचएल तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि वाहन स्वामी अपनी पसंद के आकर्षक और वीआईपी नंबरों की बुकिंग विभागीय पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन कर सकते हैं। कार्यालय द्वारा संबंधित तकनीकी व पंजीकरण अनुभाग को निर्देशित किया गया है कि पुरानी सीरीज के बचे हुए नंबरों को पोर्टल पर तत्काल ब्लॉक करते हुए नई सीरीज के सभी अधिसूचित आकर्षक नंबरों को ऑनलाइन प्रदर्शित किया जाए, जिससे आम जनता पारदर्शी तरीके से नंबरों की नीलामी व चयन में भाग ले सके।