इंदिरापुरम से सिद्धार्थ विहार और गाजियाबाद जाना अब बेहद आसान होने जा रहा है। कनावनी पुलिया से सिद्धार्थ विहार को जोड़ने के लिए हिंडन पर एक पुल बनाने की कवायद आवास विकास परिषद ने शुरू कर दी है। पुल के निर्माण के लिए परिषद अधिकारी ब्रिज कारपोरेशन से बातचीत कर रहे हैं।
पुल बनने से लाइन पार क्षेत्र से नोएडा-इंदिरापुरम आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को फायदा मिलेगा।आवास विकास परिषद ने सिद्धार्थ विहार योजना को हिट बनाने के लिए उसे ट्रांस हिंडन के इंदिरापुरम से जोड़ने की तैयारी कर ली है।
कनावनी गांव के पास से हिंडन पर एक पुल बनाया जाएगा, जिससे वाहन चालक आसानी से टीएचए से सिद्धार्थ विहार और गाजियाबाद पहुंच सकेंगे। उम्मीद जताई जा रही है कि 2017 की शुरुआत में पुल का निर्माण शुरू होगा, जिसे छह माह में पूरा कर लिया जाएगा।
आवास विकास परिषद के अधीक्षण अभियंता केए सिंघल ने बताया कि उत्तर प्रदेश ब्रिज कारपोरेशन के अधिकारियों से पुल के संबंध में बात की जा रही है। जल्द ही पुल बनाने के लिए फिजिबिलिटी रिपोर्ट और अन्य प्रक्रियाएं शुरू कर दी जाएंगी।
- करीब 5 किलोमीटर कम हो जाएगी सिद्धार्थ विहार की दूरी वसुंधरा और इंदिरापुरम से सिद्धार्थ विहार जाने वाले लोगों की दौड़ करीब पांच किलोमीटर कम हो जाएगी। वसुंधरा से जाने वाले लोगों को हिंडन बैराज वाया प्रताप विहार नहीं जाना होगा।लोग भी अहिंसा खंड-2 शांति गोपाल अस्पताल से सीधे कनावनी को पार करते हुए सिद्धार्थ विहार में प्रवेश कर सकेंगे।
अभी सिद्धार्थ विहार जाने के लिए एनएच-24 या हिंडन बैराज से होकर जाना पड़ता है। पुल बनने के बाद लोगों को बैराज और एनएच-24 के जाम से भी निजात मिल जाएगी।
अपनी योजनाओं को हिट बनाने के प्रयास में आविप
दरअसल, करीब चार साल पहले आवास विकास परिषद ने यहां बहुमंजिला इमारतों में गंगा, यमुना और हिंडन एंक्लेव नाम से तीन योजनाएं लांच की थीं। मगर चार साल बाद भी योजना के कुल करीब दो हजार फ्लैटों में से 200 से अधिक फ्लैट खाली हैं। फ्लैटों को बेचने के लिए परिषद योजना की कनेक्टिविटी बढ़ा रहा है सिद्धार्थ विहार योजना हिट हो सके।