गाजियाबाद। बुधवार को नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण नामांकन करने सभी दलों के नेता पूरी शान से पर्चा दाखिल करने निकले तो हापुड़ रोड पर जाम लग गया। कलक्ट्रेट के बाहर जबरदस्त हुजूम रहा। नेताओं के समर्थकों और कार्यकर्ताओं को संभालने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।
नामांकन करने वालों के काफिले सुबह 10 बजे से आने शुरू हुए। इसके साथ-साथ जाम भी लगने लगा। प्रत्याशी समर्थकों के साथ काफिले लेकर नामांकन करने आए, जिससे दोपहर करीब दो बजे तक कलक्ट्रेट केसामने से लेकर हापुड़ चुंगी तक वाहन रेंगते रहे।
वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण इसका असर आरडीसी और कविनगर में भी रहा। हालांकि ट्रैफिक पुलिस ने इंग्राहम कट और कलक्ट्रेट केसामने बेरिकेडिंग की हुई थी और ट्रैफिक पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे थे, मगर वाहनों के दबाव और ट्रैफिक नियमों का पालन करने के कारण लोग जाम में फंसे रहे।
दोपहर बाद ही यातायात सामान्य हो पाया। बता दें कि ट्रैफिक पुलिस ने नामांकन प्रक्रिया के दौरान डायवर्जन नहीं किया था। सिर्फ कलक्ट्रेट के सामने सर्विस रोड पर ही बेरिकेडिंग कर ट्रैफिक रोका गया था।