गाजियाबाद। जिले में गर्भवती महिलाओं की निगरानी और उनकी स्वास्थ्य सेवाओं के पंजीकरण के लिए विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। प्रजनन एवं बाल स्वास्थ्य (आरसीएच) और ई-कवच पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण और अपडेट समय पर नहीं किया जा रहा है। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अखिलेश मोहन ने जिले के 17 स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को नोटिस जारी किया है।
उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर सुधार नहीं हुआ तो संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीएमओ ने जिन क्षेत्रों में लापरवाही पाई है, उनमें लोनी, मुरादनगर, मोदीनगर, भोजपुर, डासना, बम्हैटा, विजयनगर, साहिबाबाद, नंदग्राम, बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र, सेवानगर, भोवापुर, शास्त्रीनगर, गोविंदपुरम, राजबाग, घूकना और कैला भट्टा शामिल हैं।
सीएमओ का कहना है कि सभी केंद्र प्रभारियों को पहले ही निर्देशित किया गया था कि प्रत्येक टीकाकरण दिवस और एएनसी क्लीनिक की जानकारी ई-कवच और आरसीएच पोर्टल पर समय से अपडेट की जाए। इसके लिए उन्हें वाट्सएप ग्रुप और जिला स्तरीय बैठकों में लगातार जानकारी दी गई है। इसके बाद भी कार्य संतोषजनक नहीं हो रहा है।
सीएमओ ने कहा कि यह केंद्र प्रभारियों और स्वास्थ्य कर्मियों की राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित कार्यक्रमों के प्रति लापरवाही का संकेत है। उन्होंने दो अक्तूबर तक चल रहे स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की प्रगति भी प्रतिदिन पोर्टल पर दर्ज करने और सीएमओ कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत दो लाख से अधिक गर्भवती महिलाओं की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें निजी अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर ई-बाउचर से निशुल्क जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।