गाजियाबाद। जनगणना के कार्य में लापरवाही करने पर जिला प्रशासन ने पांच चार्ज अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसमें डीएम ने उनसे पूछा है कि आखिर उन पर कार्रवाई क्यों न की जाए। प्रशासन की इस कार्रवाई से अधिकारी-कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल है। जानकारी के अनुसार यहां हो रहे एचएलबी कार्य की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने भी नाराजगी जाहिर की थी।
इसके बाद जिलाधिकारी रविंद्र मांदड़ अधिशासी अधिकारी मोदीनगर, लोनी, मुरादनगर और खोड़ा व तहसीलदार लोनी को फटकार लगाई गई। जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिस में अफसरों से कहा है कि समीक्षा, निर्देश और चेतावनी दिए जाने के बावजूद जनगणना कार्य में रुचि नहीं ली जा रही है। इससे जनगणना कार्य प्रभावित हो रहा है। मोदीनगर में 253 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) में 96 एचएलबी, खोड़ा में 1040 में से 383, लोनी 1393 में से 842, मुरादनगर के 173 में 83 और लोनी तहसीलदार क्षेत्र में 152 में से सिर्फ 62 का कार्य पूरा किया गया।
अधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी
जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित चार्ज अधिकारी अपने कार्य में रूचि नहीं लेने के साथ प्रगणकों और सुपरवाइजर के कार्य की समीक्षा तक नहीं कर रहे हैं। नोटिस में प्रगणक और सुपरवाइजर का स्पष्टीकरण लेते हुए जवाब देने के लिए कहा गया है। इसमें अधिकारियों को बताना होगा कि उन पर जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 11 के तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही की संस्तुति क्यों न की जाए।