गाजियाबाद। संघ लोक सेवा आयोग की एनडीए-एनए और सीडीएस द्वितीय परीक्षा 13 सितंबर (रविवार) को होगी। जिले के 18 केंद्रों पर 7176 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए 50 प्रतिशत बाहरी कक्ष निरीक्षक तैनात किए जाएंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निरीक्षकों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। बीएसए ने बताया कि कुल 656 कक्ष निरीक्षकों में 328 बाहरी निरीक्षक होंगे। केंद्रवार सूची शुक्रवार तक डीएम कार्यालय को भेज दी जाएगी।
जिले में शंभू दयाल इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज विजय नगर, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज चंद्रपुरी, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज नंदग्राम, सेठ मुकंद लाल इंटर कॉलेज, एमएमएच इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज, गुरु नानक गर्ल्स इंटर कॉलेज समेत 18 केंद्र बनाए गए हैं। 7176 परीक्षार्थियों के लिए 328 कक्षों की व्यवस्था है। सबसे अधिक 480-480 परीक्षार्थी एमएमएच इंटर कॉलेज, रॉयल एजुकेशनल इंस्टीट्यूट और पुलिस मॉडर्न स्कूल में होंगे।