गाजियाबाद। गुरुग्राम में विदेशी कंपनी में जॉब करने वाले नागेश्वर की आत्महत्या के मामले में मृतक की पत्नी और उसके माता-पिता के खिलाफ नंदग्राम पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मृतक की बहन का आरोप है कि नागेश्वर की शादीशुदा महिला मित्र और उसके माता-पिता की ब्लैकमेलिंग व उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या की थी।
एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि उत्तराखंड के श्यामपुरम बाजपुर काशीपुर उधम सिंह नगर में रहने वाली नीरजा सिंह ने कोर्ट के आदेश पर केस पंजीकृत कराया है। नीरजा के मुताबिक उनका भाई नागेश्वर गुरुग्राम में रहता था और टूर एंड ट्रेवलिंग की विदेशी कंपनी में जॉब करता था। वहीं उसकी मुलाकात नंदग्राम थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती से हुई। युवती नागेश्वर के साथ लिव-इन-रिलेशन में रहने लगी। नागेश्वर को पता चला कि युवती शादीशुदा है और एक बच्ची की मां है। विरोध करने पर युवती ने फर्जी तलाकनामा नागेश्वर को सौंपकर बरगला लिया। 26 फरवरी 2024 को युवती ने दुष्कर्म के मुकदमे में जेल भेजने की धमकी देकर नागेश्वर से शादी कर ली। नागेश्वर ने युवती की इंस्टाग्राम आईडी देखी तो उसमें उसके दोस्तों के साथ अश्लील फोटो व वीडियो होना उजागर हुआ। नागेश्वर ने युवती के साथ रहने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि युवती और उसके माता-पिता ने उनके भाई को प्रताड़ित किया, लैपटॉप और क्रेडिट कार्ड आदि कब्जे में ले लिए। युवती और उनके माता-पिता की धमकियों से परेशान उनके भाई ने छह अप्रैल 2025 को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। एसीपी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर युवती और उसके माता-पिता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।