नहर पर दो दोस्तों संग नहाने आया किशोर दो दिन से गायब है। परिजनों ने मसूरी थाने में शिकायत की है। दोनों दोस्तों पर किशोर को गायब करने का शक जताया है।
नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कैला भट्टा में सोनू (16) परिवार के साथ रहता है। वह नई बस्ती में इलेक्ट्रिक शॉप पर रिपेयरिंग का काम सीखता है।
सोनू के पिता मुजाहिद ने बताया कि वह मंगलवार सुबह दस बजे से गायब है। देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो बुधवार सुबह उसकी तलाश शुरू की। सोनू को आखिरी बार उसके पड़ोस में रहने वाले दोस्तों और सह कर्मचारी ताहिर और शहजाद के साथ देखा गया था।
दोनों से पूछताछ की तो पता चला कि वह तीनों मंगलवार को काम पर न जाकर मसूरी नहर में नहाने गए थे। ताहिर और शहजाद का दावा है कि वहां से तीन बजे लौटते समय मसूरी स्टैंड पर वह एक दुकान से सुपारी खरीदने लगे।
इस दौरान उन्होंने देखा कि सोनू बिना बताए गाजियाबाद की ओर जाने वाली एक बस पर अकेला चढ़ गया था। इसके बाद से वह गायब है। उधर, सोनू के परिजनों को उसके दोस्तों की बातों पर विश्वास नहीं है, उन्होंने उन पर सोनू को गायब करने का आरोप लगाया है।
दावा किया है कि दो दिन पहले सोनू का ताहिर से झगड़ा हुआ था, इस वजह से उसे रंजिशन गायब किया गया है। एसओ मसूरी का कहना है कि सोनू को जल्द बरामद किया जाएगा।