कौशांबी। वैशाली सेक्टर चार में नगर निगम के सफाई कर्मचारी खोड़ा कॉलोनी निवासी आसाराम (54) को एक माल वाहक वाहन ने टक्कर मार दी। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसा 22 जून को हुआ था। वहीं, 23 जून को मौत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्जकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि 22 जून की सुबह आसाराम वैशाली सेक्टर चार में निजी कार्य से पहुंचे थे। यहां छोटा हाथी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान सोमवार रात उनकी मौत हो गई। एसीपी ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन चालक को तलाश लिया जाएगा।