शहर में कूड़ा उठाने वाले नगर निगम के 122 वाहनों में जीपीएस लगाया जाएगा। जीपीएस की मदद से निगम अधिकारी मुख्यालय में बैठे-बैठे ही वाहनोें की लोकेशन पता कर सकेेंगे। निगम प्रशासन ने वाहनों के सर्वे का काम पूरा कर लिया है। उम्मीद है कि सात जनवरी से वाहनों में जीपीएस लगाया जाएगा।
नगर निगम में कूड़ा उठाने वाले वाहनों में बड़े स्तर पर घोटाला पकड़ा गया था। घोटाले में ड्राइवर समेत निगम कर्मचारी तक शामिल थे। इसमें ड्राइवर प्रतिदिन कूड़ा उठाने के चक्कर लॉग बुक में दर्ज कराते थे और उसके मुताबिक मानदेय और डीजल का भुगतान निगम से ले लेते थे, लेकिन वास्तविकता ये थी कि वाहनों से कूड़ा उठाया ही नहीं जा रहा था जबकि प्रतिदिन लाखों रुपये का भुगतान किया जा रहा था।
निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डा. आरके यादव ने बताया कि कूड़ा उठाने वाले सभी 122 वाहनों में जीपीएस लगाया जाएगा। जीपीएस की मदद से वाहनों की लोकेशन का पता रहेगा। कंट्रोल रूम में कंप्यूटर के जरिए वाहनों पर नजर रखी जाएगी। कहीं भी गड़बड़ी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।