साहिबाबाद। नगर निगम की टीम कर वसूली अभियान के तहत सोमवार को इंदिरापुरम के रॉयल टावर व हैबीटेट सेंटर पहुंची। हैबीटेट सेंटर पर निगम का 32 लाख बकाया है। टीम जब सील करने पहुंची तो प्रबंधन ने 32 लाख रुपये जमा कराए और अन्य राशि जमा कराने की मोहलत ली। इस दौरान नगर निगम की टीम इंदिरापुरम के रॉयल टावर में सीलिंग की कार्रवाई की।
गृह कर वसूली अभियान के तहत नगर निगम की टीम सुबह आठ बजे से ही कार्य में जुट जाती है। सोमवार दोपहर टीम वैभवखंड स्थित हैबीटेट सेंटर पहुंची। कर जमा न करने पर जब मॉल के कार्यालय को सील किया जाने लगा तो प्रबंधन की ओर से पैसे जमा कराए गए। इस दौरान यहां स्थित कई दुकानों पर निगम की टीम ने नोटिस भी चस्पा किया। निगम लगातार शहर वासियों को अपना बकाया हाउस टैक्स जमा करने के लिए अपील कर रहा है। बड़े बकायेदारों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। हैबीटेट सेंटर पर कार्रवाई करने पहुंची टीम में वसुंधरा जोन के प्रभारी सुनील राय ने बताया कि नगर आयुक्त के आदेश पर टीम हर दिन अभियान चलाए हुए है और कर जमा न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।