गाजियाबाद। लालकुआं की सर्विस रोड पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार सचिन (25) की मौत हो गई। उनका साथी अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, एनएच-9 स्थित कृष्णा इंटर कॉलेज अंडरपास से लालकुआं की तरफ सर्विस रोड पर शुक्रवार रात करीब पौने 12 बजे दो बाइक सवार जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दोनों युवक नीचे गिर गए। ट्रक लेकर चालक फरार हो गया। पुलिस ने घायल बाइक सवारों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के रिजवालगढ़ी निवासी सचिन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विजयनगर के आंबेडकर नगर में रहने वाले अजय कुमार गंभीर घायल हैं। उनका उपचार चल रहा है।