इंदिरापुरम। वसुंधरा सेक्टर एक निवासी शिक्षिका अन्विता शर्मा की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी सास मंजू शर्मा को भी बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पिछले 11 दिन से पुलिस आरोपी सास की तलाश कर रही थी। अन्विता शर्मा के पिता अनिल शर्मा की तहरीर पर दर्ज हुए मुकदमे में नामजद किए गए शिक्षिका के पति डॉ. गौरव कौशिक और ससुर सुरेंद्र शर्मा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आत्महत्या से शिक्षिका ने अपने सुसाइड नोट में पति व सास-ससुर पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि अनिल शर्मा ने बेटी की मौत के बाद पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि अन्विता दिल्ली के सर्वोदय कन्या विद्यालय में शिक्षिका थी। 18 दिसंबर 2019 को उन्होंने उसकी शादी सेक्टर एक निवासी डॉ. गौरव कौशिक से की थी। आरोप था कि ससुराल वाले बेटी से अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। हालात यह हो गए थे कि उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न भी शुरू कर दिया था। यहां तक कि बेटी की चेक बुक, डेबिट कार्ड तक अपने पास रखते थे। अनिल शर्मा ने बताया था कि दहेज उत्पीड़न से तंग आकर उनकी बेटी अन्विता ने 16 मार्च को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी पति गौरव कौशिक और ससुर सुरेंद्र शर्मा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने सास मंजू शर्मा को भी गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया।