ओम सन पब्लिक स्कूल के क्रीड़ास्थल पर आयोजित 'समर एथलेटिक मीट' के तहत मंगलवार को जूनियर वर्ग की विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुईं। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने पूरे जोश के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शुभारंभ स्कूल निदेशक अनुराग गुप्ता और प्रधानाचार्या डॉ. पूर्णिमा वार्ष्णेय ने फीता काटकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को शारीरिक व मानसिक विकास के लिए आवश्यक बताया। टग ऑफ वार प्रतियोगिता में कक्षा आठ के बालक वर्ग में सार्थक की टीम और बालिका वर्ग में बानी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शटल रेस में कक्षा आठ के बालक वर्ग में अक्षत तथा बालिका वर्ग में सांची विजेता रहीं।
लॉन्ग जंप में अक्षत ने पहला स्थान हासिल किया। 100 मीटर दौड़ में कक्षा छह के बालक वर्ग में सौरव और बालिका वर्ग में वाणी, जबकि कक्षा आठ के बालक वर्ग में अक्षत और बालिका वर्ग में इकरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में कक्षा आठ के बालक वर्ग में तन्मय विजेता रहे। प्रतियोगिताओं के दौरान क्रीड़ास्थल पर मौजूद छात्र-छात्राओं ने तालियों बजाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कोच ने सभी प्रतियोगिताएं अनुशासन और निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराईं। विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी लगन से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।