गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की वेबसाइट से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट बनाकर आवंटियों से ठगी के प्रयास का मामला सामने आया है। बदमाश आवंटियों को प्राधिकरण के नाम से मैसेज भेजकर भूखंड आवंटन की पुष्टि के लिए भुगतान करने को कह रहे हैं। मामले को लेकर प्राधिकरण ने आवंटियों को सावधान किया है।
जीडीए के सचिव विवेक मिश्र ने बताया कि आवंटियों को भेजे जा रहे मैसेज में https://gdaerp.org का लिंक दिया गया है। यह प्राधिकरण की वेबसाइट से मिलता-जुलता है, जबकि जीडीए की आधिकारिक वेबसाइट https://gdaerp.in है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मैसेज में दिए गए किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और उस पर ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी दर्ज न करें। इसके अलावा लिंक के माध्यम से उपलब्ध कराए गए क्यूआर कोड या बैंक खाते में किसी प्रकार का भुगतान न करें। इस तरह के मैसेज मिलने पर तत्काल प्राधिकरण और पुलिस को सूचना दें।