गाजियाबाद। एमएमएच कॉलेज के लेखाकार अनुज उपाध्याय पर 15 जुलाई को हमला करने वाले तीन हमलावरों को नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कॉलेज के एक अधिकारी ने 25 हजार रुपये में लेखाकार का घुटना तोड़ने का सौदा तय किया था।
हमलावरों को 10 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। हमलावरों को कॉलेज के एक कर्मचारी ने ही कॉलेज के अधिकारी से मिलवाया था। डीसीपी नगर राजेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए हमलावर भोजपुर के सकूरपुर निवासी विनीत, नदीम और मेरठ के टीपीनगर निवासी रोजू है। आरोपियों ने बताया कि वारदात से करीब 10-15 दिन पहले सोनू नाम के व्यक्ति के माध्यम से रविंद्र ने उनसे संपर्क किया था। रविंद्र कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। उसने अनुज उपाध्याय की जानकारी देकर उनके पैर तोड़ने को कहा और बदले में रुपये मिलने की बात बताई।
उसने बताया कि रविंद्र ने कॉलेज के एक अधिकारी से मिलवाया था। अधिकारी ने उससे पूछा था कि तुम घुटने तोड़ लोगे, पहले यह काम किए हो क्या। हामी भरने के बाद 25 हजार रुपये देने की बात कही। उसी समय उन्होंने 10 हजार रुपये एडवांस दे दिए। इसके बाद उसने मौका पाकर 15 जुलाई को अनुज पर हमला कर उनके पैर पर कई वार किए। डीसीपी ने बताया मामले में अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।