एमएमजी अस्पताल में इलाज कराने आई महिला को कुछ दबंग युवकों ने पीट दिया। इलाज के लिए लाइन में लगने के दौरान महिला से युवकों की बहस हो गई थी। वारदात के बाद आरोपी भाग निकले। महिला की बेटी भी अस्पताल में पहले से भर्ती है।
विजयनगर निवासी महिला बिलकिस सोमवार को हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाने के लिए लाइन में लगी थीं। वहां लाइन में लगने को लेकर कुछ बहस हुई। इसके बाद लाइन में लगे दो युवक महिला को पीटने लगे। इस दौरान महिला नीचे गिर गई और दोनों युवक भाग गए।
महिला का कहना है कि उसे काफी चोट आई है, कुछ देर के लिए चक्कर भी आ गए। उसने बताया कि उसकी बेटी अस्पताल में पहले से भर्ती है। उसकी कमर में दर्द हो रहा था, जिसे दिखाने के लिए वह लाइन में खड़ी थी। आरोप है कि युवक उससे छेड़छाड़ कर रहे थे और विरोध करने पर उन्होंने मारपीट की। उसने चिकित्सक से शिकायत और इमरजेंसी में शिकायत की लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। इस मामले में सीएमएस डॉ. जेके त्यागी का कहना है कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है। कोई महिला उनके पास शिकायत लेकर नहीं आई थी।