गाजियाबाद। कलक्ट्रेट परिसर में जाति प्रमाण और मूल निवास प्रमाण पत्र बनवाने पहुंचे जिला एमएमजी के चिकित्साधिकारी के साथ महिला सहित कुछ लोगों ने अभद्रता की। धमकी दी कि उनके खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस नहीं लिया तो झूठे मुकदमे में जेल भिजवा देंगे। चिकित्साधिकारी की तहरीर पर कविनगर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि डॉ. एके दीक्षित के मुताबिक वह जिला एमएमजी अस्पताल में चिकित्सा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। चार जुलाई 2025 को वह डॉ. पुरु दहिया और पंकज शर्मा के साथ डॉ. पुरु का जाति प्रमाण-पत्र तथा मूल निवास प्रमाण-पत्र बनवाने कलक्ट्रेट आए थे। दोपहर करीब ढाई बजे सीबीआई अधिवक्ता चैंबर के पास पहुंचे तो वहां मौजूद भारती ठाकुर और उसकी मां पुष्पा ठाकुर ने उन्हें देखकर गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान पुष्पा ठाकुर ने धमकी दी कि उनके खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे में समझौता कर लिया जाए, अन्यथा किसी अन्य झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवा दिया जाएगा। घटना के दौरान शोर-शराबा होने पर मौके पर काफी लोग एकत्र हो गए। डॉ. एके दीक्षित का कहना है कि इस घटना से वे सभी मानसिक रूप से आहत हैं और उन्हें आशंका है कि आरोपी अन्य लोगों के साथ मिलकर उनके साथ कोई अप्रिय घटना भी कर सकते हैं। एसीपी कविनगर बताया कि मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आगामी कार्रवाई की जा रही है।