मोदीनगर। निवाड़ी क्षेत्र में डंपिंग ग्राउंड बनाने की सुगबुगाहट के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। मोदीनगर विधायक डॉ. मंजू शिवाच भी डंपिंग ग्राउंड निर्माण के विरोध में उतर गई हैं। विधायक ने चेतावनी दी कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र में किसी भी कीमत पर डंपिंग ग्राउंड नहीं बनने देंगी। निवाड़ी नगर पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को ज्ञापन सौंपकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस मुद्दे को लेकर एक दिन पूर्व हुई निवाड़ी नगर पंचायत की बोर्ड बैठक का सभासदों ने बहिष्कार कर विरोध जताया था।
जिला प्रशासन की ओर से गाजियाबाद के कूड़ा निस्तारण के लिए नगर पंचायत निवाड़ी को पत्र लिखकर तीन सौ बीघा भूमि की मांग की गई है। इससे लोगाें में विरोध पनप गया। शुक्रवार को नगर पंचायत निवाड़ी के अध्यक्ष अनिल त्यागी के साथ प्रतिनिधिमंडल ने विधायक डॉ. मंजू शिवाच से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को डंपिंग ग्राउंड बनने के नुकसान से अवगत कराते हुए बताया कि डंपिंग ग्राउंड बनने से क्षेत्र की हरित पट्टी नष्ट हो जाएगी। विधायक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह किसी भी कीमत पर अपनी विधानसभा क्षेत्र में डंपिंग ग्राउंड नहीं बनने देंगी। इस अवसर पर सचिन त्यागी, संजय त्यागी, अरुण त्यागी और विपिन त्यागी आदि शामिल रहे।