फोन पर उसकी बातचीत नंदग्राम के दीनदायलपुरी निवासी केक कारोबारी अंकित से मिलने पर सहायक इंस्पेक्टर अभिजीत राम पाटिल के नेतृत्व में पुणे पुलिस की टीम सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे दीनदायलपुरी पहुंची।
टीम अंकित से पूछताछ कर ही रही थी तभी उसके पिता राजकुमार शाह ने अपने दर्जनभर साथियों के साथ टीम पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों व रॉड से हमला होने पर महाराष्ट्र पुलिस की टीम में अफरातफरी मच गई। उन्होंने भागकर जान बचाने की कोशिश की लेकिन हमलावरों ने उन्हें घेर कर पीटा।
एफआईआर फाड़ी, आईकार्ड छीने, मोबाइल लूटे
पुणे पुलिस के सहायक इंस्पेक्टर अभिजीत राम पाटिल के मुताबिक हमलावरों ने आईकार्ड लूट लिया। यूपी-112 नंबर मिलाने की कोशिश की तो मोबाइल लूट लिए। एफआईआर समेत अन्य दस्तावेज फाड़ दिए। कार को तोड़ दिया और असलहा लूटने की कोशिश की।
सरेआम उत्पात देख भगदड़ मची
सरेआम हमलावरों का उत्पात देख स्थानीय लोगों और राहगीरों में भगदड़ मच गई। दुकानों के शटर बंद हो गए और सड़क पर सन्नाटा पसर गया। मौके पर पहुंची नंदग्राम पुलिस ने घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया। सहायक इंस्पेक्टर अभिजीत पाटिल की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद समेत एक दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश, सरकारी कार्य में बाधा, लूटपाट समेत अन्य संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक हत्यारोपी महिला कल्पना महाजन की दीनदयालपुरी निवासी अंकित से फोन पर 26 बार बातचीत मिली। उसकी लोकेशन भी दीनदयालपुरी में मिली। पुलिस को पूरा शक था कि कल्पना अंकित के यहां शरण लिए हुए है। बताया जा रहा है कि हमले में घायल होने के बावजूद महाराष्ट्र पुलिस कल्पना महाजन को हिरासत में लेकर वापस लौट गई।
बड़ी चूक : स्थानीय पुलिस को सूचना न देने का भुगता खामियाजा
नंदग्राम एसएचओ नीरज कुमार सिंह का कहना है कि महाराष्ट्र पुलिस ने स्थानीय थाने पर सूचना नहीं दी थी। यूपी-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय थाने पर सूचना न देने के बारे में पूछने पर महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि हत्यारोपी महिला भागने की फिराक में है, लिहाजा वह पहले मौके पर पहुंच गए। एसएचओ ने बताया कि अंकित, उसके पिता राजकुमार शाह के अलावा प्रमोद, शंकर, विजय और शिब्बू उर्फ शिवा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
संदिग्ध हत्यारोपी की तलाश में आई महाराष्ट्र पुलिस पर हमला किया गया। पांच नामजद समेत एक दर्जन लोगों के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना में शामिल लोगों पर रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। - निपुण अग्रवाल, एसपी सिटी