कविनगर में फर्जी बैंक प्रतिनिधि बनकर आए बदमाश ने दंपती पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल किया और साथी संग फरार हो गया। कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोग नाराज हैं। घायल दंपती का निजी अस्पताल में उपचार जारी है।
गाजियाबाद के कविनगर जैसी पॉश कॉलोनी में बाइक सवार दो बदमाशों से एक नरेंद्र कुमार शर्मा (72 वर्ष) के घर में घुस आया। बदमाश ने खुद को बैंक प्रतिनिधि बताकर पेंशन व बैंक संबंधी बातचीत की। नरेंद्र और उनकी पत्नी मधु शर्मा को बदमाश ने एक कमरे में धकेला। मधु शर्मा ने विरोध कर शोर मचा दिया और बदमाश से भिड़ गई।
विज्ञापन
वहीं शोर मचाने पर आरोपी ने चाकू निकालकर मधु शर्मा के गले, कान और मुंह पर चार वार किए। उसके बाद उनके पति के गले और आंख पर चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिए। दंपती को लहूलुहान कर आरोपी बाहर गेट पर खड़े बाइक सवार साथी के साथ भाग गया।
मौके पर एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। जहां दोनों को स्थानीय लोगों के रोष का सामना करना पड़ा। कॉलोनी वालों ने बताया कि रात में गस्त नहीं होती और कैमरे भी नहीं लगाए गए हैं। घायल दंपती का उपचार एक निजी अस्पताल में जारी है। गंभीर हालत में सेवानिवृत्त नरेंद्र शर्मा को आईसीयू में भर्ती कराया गया है।