लोनी। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात ब्रेक फेल होने से एक दूध का कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक कैंटर के अंदर ही फंस गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। उसके पैरों में चोट आई है, जिसे एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।
एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि हादसा शनिवार रात करीब 1:40 बजे आवास विकास कट से मंडोला की ओर जाते समय हुआ। करीब 1:45 बजे डायल-112 के माध्यम से पुलिस को कैंटर पलटने और चालक के अंदर फंसे होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही ट्रोनिका सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
पुलिस ने कैंटर के अंदर फंसे चालक यश पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी लालबाग मंडी के पास, लोनी को सुरक्षित बाहर निकाला। कैंटर में हेल्पर धर्मेंद्र कुमार पुत्र तुरंत सिंह, निवासी फर्रुखाबाद और वाहन स्वामी अश्विन कुमार पुत्र रमेश चंद्र, निवासी अशोक विहार, लोनी भी मौजूद थे। दोनों हादसे में सुरक्षित हैं।
पूछताछ में चालक ने बताया कि वाहन के ब्रेक फेल होने के कारण कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाग्रस्त कैंटर को मौके से हटवाया जा रहा है।