सपा के प्रदेश प्रवक्ता व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी सोमवार को महानगर अध्यक्ष की नियुक्ति के मुद्दे पर चुप्पी साध गए। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन तय करेगा कि महानगर अध्यक्ष पद की कमान किसे सौंपी जाए। हालांकि विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तरह तैयार है।
कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी सोमवार को गाजियाबाद पहुंचे थे। सर्किट हाउस में वह पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिले। विधान सभा प्रत्याशियों के टिकट बदले जाने, प्रदेश संगठन में चल रही उठा पठक और महानगर अध्यक्ष पद से संजय यादव को हटाकर नई नियुक्ति को लेकर वह चुप्पी साध गए। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि पार्टी संगठन ही टिकट दिए जाने और नई नियुक्तियों पर निर्णय लेगा।
राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार का कार्यकाल मई 2017 तक है, लेकिन निर्वाचन आयोग चाहे तो पहले भी चुनाव करा सकता है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में रिकार्ड विकास कार्य हुए हैं।
गाजियाबाद समेत कई शहरों को मेट्रो मिलने वाली है। अपनी उपलब्धियों के बल पर वह जनता के बीच जाएंगे। इस दौरान सपा नेता धर्मवीर डबास, जिला प्रवक्ता इंद्रजीत सिंह टीटू, रामदुलार यादव, पार्षद ब्रिजेश सिंह, संजू, नवीन कुमार, हापुड़ जिलाध्यक्ष किशन सिंह तोमर मौजूद रहे।