गाजियाबाद। यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईएससी में शहर का मान बढ़ाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को अमर उजाला भविष्य ज्योति समारोह में सम्मानित किया गया। आईएमएस यूनिवर्सिटी कोर्सेज कैंपस के सहयोग से हुए सम्मान समारोह में तीनों बोर्ड में 12वीं में 70 फीसदी से अधिक अंक हासिल करने वाले 250 से अधिक मेधावियों को मेडल व प्रमाण-पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।
आईएमएस यूसी कैंपस ऑडिटोरियम में हुए सम्मान समारोह का शुभारंभ राज्यमंत्री अतुल गर्ग, एसएसपी हरिनारायण सिंह, एडीएम प्रशासन ज्ञानेंद्र सिंह, संस्थान के जनरल सेक्रेट्री राकेश छारिया और निदेशिका डा. सपना राकेश ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
फिर अतिथियों ने सभी मेधावियों को सम्मानित किया। समारोह में महानगर के यूपी बोर्ड, सीबीएसई व आईएससी के मेधावी छात्र-छात्राओं का रविवार सुबह नौ बजे से ही तांता लगा रहा। फिर मेडल व प्रमाण-पत्र पाकर मेधावियों व उनके परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
आईएमस इंस्टीट्यूट के जनरल सेक्रेट्री राकेश छारिया ने कहा कि विभिन्न बोर्ड के मेधावियों को प्रोत्साहित करने की अमर उजाला की मुहिम सराहना के काबिल है। निदेशका डा. सपना राकेश ने कहा कि छात्र-छात्राओं को अपनी क्षमताओं और अक्षमताओं का पता होता है।
अपनी कमियों के बारे में खुलकर बात कर कर सकारात्मकता व सफलता की ओर कदम बढ़ाया जा सकता है। वर्तमान में डिग्री के अलावा भी अतिरिक्त मेहनत की जरूरत है। अमर उजाला भविष्य ज्योति समारोह के जरिए विद्यार्थी को और बेहतर करने को प्रोत्साहित हुए हैं।
देश को आगे बढ़ाने की सोच करें विकसित
वर्तमान में सिलेबस ओरिएंटेड पढ़ाई के साथ देश-दुनियां में हो रहे परिवर्तन और नए-नए कीर्तिमानों के बारे में जानकारी जरूरी है। इसलिए पढ़ाई के साथ अखबार पढ़ना जरूरी है। देश को चलाने, बड़े बदलाव और आगे ले जाने की सोच विकसित करना बहुत जरूरी है। रोजाना दो घंटे सामान्य ज्ञान व बाकी अपनी शिक्षा के लिए दें। मेधावियों को प्रोत्साहित करने की अमर उजाला की मुहिम स्वागत योग्य है। - अतुल गर्ग, राज्यमंत्री
परिश्रम करते रहें, मिलेगी जीत
लक्ष्य का निर्धारण और केंद्रित होकर लगातार मेहनत की जाए तो कोई भी मंजिल हासिल की जा सकती है। युवाओं के सामने संभावनाओं की कमी नहीं है, जरूरत केवल ईमानदारी से प्रयास और परिश्रम करने की है। देश व प्रदेश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान जरूर है। अमर उजाला की मुहिम प्रशंसनीय है। - हरिनारायण सिंह, एसएसपी
देश में रहकर राष्ट्र निर्माण में करें योगदान
मेहनती छात्र-छात्राओं के लिए अवसरों की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल अपनी मेहनत को अपने देश की तरक्की में इस्तेमाल करने की है। युवा अपने राष्ट्र के निर्माण में बढ़चढ़ कर योगदान व सहयोग दें। पर्यावरण संरक्षण के लिए खुद व बच्चों के जन्मदिन पर एक पौधा जरूर लगाए। अमर उजाला के प्रयास से छात्रों को प्रोत्साहन मिलेगा। - ज्ञानेंद्र सिंह, एडीएम प्रशासन
1. लगातार की गई मेहनत का सकारात्मक परिणाम जरूर आता है। इसलिए परिणाम की चिंता किए बगैर तैयारी करने की है। अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान से छात्र-छात्राओं को और बेहतर करने की प्रेरणा मिलेगी। - रानू तिवारी
2. लक्ष्य को पाने के लिए ठान लिया जाए तो कोई मुश्किलें खुद दूर हो जाती है। पास होने के लिए नहीं, बल्कि विषय का पूरा ज्ञान अर्जित करने का ध्येय होना चाहिए। अमर उजाला सम्मान से हौसला और बढ़ा है। - सुगंध
3. कड़ी मेहनत की बदौलत ही सफलता हासिल की जा सकती है, शॉर्टकट से कोई परिणाम हासिल नहीं होता। अमर उजाला भविष्य ज्योति कार्यक्रम के जरिए देश के विकास में सहयोग करने की सीख हासिल हुई। - गौरंग गर्ग
4. चुनौतियों का सामना करने और आत्मविश्वास केसाथ सफलता हासिल करने की सीख अमर उजाला भविष्य ज्योति कार्यक्रम में मिली। अतिथियों की बातें भविष्य में उनके काम में आएंगी। - चार्वी सिंह