एटीएम सर्विस मुहैया कराने वाली कंपनी के बाइक सवार एटीएम मैकेनिक ध्यानचंद से बदमाशों ने डासना स्थित मीठा कुआं लोहारों वाली मस्जिद के नजदीक लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित से नकदी और उनके औजार लूटकर बदमाश भाग गए। वहीं, दूसरी वारदात नगर कोतवाली क्षेत्र में हुई। जहां पति शुभम के साथ जीटी रोड पर टहल रही उनकी पत्नी श्वेता से बाइक सवार बदमाशों ने मंगलसूत्र झपट लिया। दोनों पीड़ितों ने मुकदमे दर्ज कराए हैं।
एसीपी मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि मूल रूप से ग्राम विक्रमपुरम रकरी जनपद मैनपुरी के रहने वाले पीड़ित ध्यानचंद खोड़ा में किराये के मकान में रहते हैं और एफआईपीएल कंपनी में एटीएम मैकेनिक हैं। ध्यानचंद के मुताबिक 11 अक्तूबर की दोपहर वह डासना स्थित एटीएम की सर्विस करके गाजियाबाद लौट रहे थे। जैसे ही वह मीठा कुआं लोहारों वाली मस्जिद के नजदीक पहुंचे तो तीन चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और मोबाइल, नकदी और औजार का बैग आदि लूट लिए और भाग गए। वारदात से सहमे पीड़ित दो दिन बाद थाने पहुंचा और लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। एसीपी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच की जा रही है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उधर, झपटमारी की दूसरी वारदात नगर कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड पर हुई। एसीपी नगर कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि श्याम विहार में रहने वाली शुभम सिंघल और उनकी पत्नी स्नेहा 12 अक्तूबर की रात करीब साढ़े नौ बजे स्विस होटल के नजदीक सड़क पर टहल रहे थे। शुभम सिंघल का आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश आए और उनकी पत्नी के गले गले से मंगलसूत्र झपटकर भाग गए। शुभम ने बदमाशों का पीछा किया लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक सवार भागने में कामयाब रहे। एसीपी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना स्थल के सीसीटीवी खंगाले गए हैं, आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।