फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: हॉस्टल में रैगिंग से एमबीए छात्र बेहोश, चार दिन आईसीयू में रहा

विज्ञापन
मरियम नगर स्थित क्राइस्ट यूनिवर्सिटी। संवाद
विज्ञापन
गाजियाबाद। शिक्षण संस्थानों में एंटी रैगिंग के दावों के बीच रैगिंग के आरोपों से जुड़े मामलों का सिलसिला थम नहीं रहा है। कुछ दिन पहले ही शहर के एक निजी कॉलेज में बीटेक छात्र ने आत्महत्या कर ली थी। परिजनों ने रैगिंग को इसकी वजह बताया था। अब क्राइस्ट यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में एमबीए छात्र को कथित तौर पर इस कदर प्रताड़ित किया गया कि वह बेहोश हो गया। उसे चार दिन तक आईसीयू में भर्ती रखना पड़ा। पीड़ित के पिता ने नंदग्राम थाने में यूनिवर्सिटी के ही तीन छात्रों हर्षित, मुनीब, प्रथम और हॉस्टल वार्डन जोजो व डीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस पर भी तहरीर से रैगिंग शब्द हटवाने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन

सुल्तानपुर जिले के ग्राम पुरुषोत्तमपुर निवासी शिवकुमार मिश्रा ने बताया कि उनका बेटा सत्यम नंदग्राम स्थित क्राइस्ट यूनिवर्सिटी में एमबीए प्रथम वर्ष का छात्र है। वह यूनिवर्सिटी के ही हॉस्टल क्राइस्ट हॉल के कमरा नंबर 313 में रहता है। पिता के मुताबिक, स्नातक के छात्र मुनीब और प्रथम भी सत्यम के साथ उसी कमरे में रहते हैं।
उनका आरोप है कि मुनीब ने शुरुआती दिनों में ही बिस्किट में कुछ मिलाकर सत्यम को खिला दिया था, जिससे उसे काफी उल्टियां हुईं। इसके बाद मुनीब, प्रथम और सीनियर छात्र हर्षित मिलकर उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे।
विज्ञापन

आरोप है कि तीनों उसका सामान छिपाकर बेड के नीचे रख देते थे। एक दिन उसका एडमिट कार्ड भी गायब कर दिया। सोते समय चेहरे पर लिखना, फर्श पर पानी की बोतल पटकना, बाहर से दरवाजा पीटना, तेज आवाज में संगीत बजाना और रूम फ्रेशनर स्प्रे कर आग लगाकर डराने जैसी हरकतें भी की गईं।

टॉप फाइव में रहने वाला छात्र चार विषयों में फेल
शिवकुमार मिश्रा ने बताया कि बेटे से आपबीती पता चलने पर उन्होंने प्रथम से बात कर समझाने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद तीनों छात्र सत्यम को और अधिक परेशान करने लगे। उसे पूरी रात जगाकर विषय देकर बोलने के लिए कहा जाता था। गाली-गलौज और अपमानजनक शब्दों से भी प्रताड़ित किया जाता था। इससे सत्यम के हाथ कांपने लगे और वह छोटी-छोटी गणनाएं भी नहीं कर पा रहा था। पिता के अनुसार, 27 सितंबर को सत्यम को इस कदर डराया गया कि उसे हॉस्टल से बाहर कमरा लेना पड़ा। हालांकि, कुछ दिन बाद आरोपी छात्रों से बातचीत कर सुलह का रास्ता निकालने का प्रयास किया गया। कॉलेज प्रबंधन की मध्यस्थता के बाद अक्तूबर में सत्यम दोबारा हॉस्टल लौट आया।
पिता का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। बेटे को प्रताड़ित करने का सिलसिला जारी रहा। यही नहीं, नौ नवंबर को प्रताड़ना के चलते सत्यम बेहोश हो गया। डीन और वार्डन की सूचना पर पहुंचे पिता ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चार दिन आईसीयू में रहने के बाद भी उसकी हालत सामान्य नहीं हो सकी।
परिवार का कहना है कि लखनऊ विश्वविद्यालय में स्नातक में बेहतर प्रदर्शन करने और विश्वविद्यालय स्तर की परीक्षा में टॉप फाइव में रहने वाला सत्यम मानसिक सदमे के कारण पहले सेमेस्टर की परीक्षा में चार विषयों में फेल हो गया। पिता ने बताया कि बेटे की प्रताड़ना से परिवार भी मानसिक तनाव में है। इसके चलते उनकी पत्नी का बीपी और शुगर भी बिगड़ गया है।
पुलिस पर तहरीर से रैगिंग शब्द हटवाने का आरोप
पिता का आरोप है कि पुलिस कमिश्नर और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त समेत अन्य अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद नंदग्राम थाना पुलिस ने तहरीर से रैगिंग शब्द हटवा दिया। 26 नवंबर को हुई बैठक में डीन ने मामले की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई। पिता ने साक्ष्य मिटाने और आरोपियों को बचाने की आशंका भी जताई है। दूसरी ओर, हॉस्टल वार्डन जोजो का कहना है कि उन्हें एफआईआर दर्ज होने की जानकारी नहीं है। इस मामले में उन्हें ज्यादा कुछ नहीं कहना है।
एसीपी नंदग्राम इमरान अहमद का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। कॉलेज प्रबंधन और नामजद छात्रों के बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। तहरीर से रैगिंग शब्द हटवाने के आरोप की भी जांच कराई जाएगी।
यूनिवर्सिटी का दावा- शिकायत पर गठित की जांच के लिए समिति, नहीं आए शिकायतकर्ता
जनसंपर्क अधिकारी, क्राइस्ट यूनिवर्सिटी प्रभुल नायर का कहना है कि हमें इस संबंध में छात्र की ओर से मेल मिला था। हमने इसको गंभीरता से लिया और तुरंत जांच के लिए समिति गठित कर दी थी। आरोपी पक्ष के साथ शिकायतकर्ता से भी जानकारी ली जाती है तो इसके लिए उनको बुलाया गया था, लेकिन तब वह नहीं आए। 26 नवंबर को छात्र के अभिभावक संस्थान में आए तो हमने उनसे सोमवार या मंगलवार तक का समय मांगा था। अभी पता चला कि इस मामले में रिपोर्ट दर्ज हो गई है। जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर निश्चित रूप से जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई होगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें