गाजियाबाद। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से वंचित महिलाओं के लिए पंजीकरण की सुविधा दी गई है। जिन महिलाओं का अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ है, वे अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र पर करा सकती हैं। जिनके घर के पास केंद्र नहीं है, उनका पंजीकरण आसपास के केंद्र पर किया जाएगा। योजना से हर पात्र महिला को जोड़ने का जिम्मा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को दिया गया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीता चंद्रा ने बताया कि जिले में वर्ष 2023 से अब तक 38 हजार से अधिक महिलाएं योजना का लाभ ले चुकी हैं। हर महीने लक्ष्य निर्धारित किया जाता है। इस महीने 1260 महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य है, जिसके लिए पंजीकरण किए जा रहे हैं।
इस योजना के तहत पहला बच्चा होने पर पांच हजार रुपये की राशि दो किस्तों में और दूसरी बार बेटी होने पर छह हजार रुपये की एकमुश्त राशि दी जाती है। योजना का लाभ गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाएं ले सकती हैं।
डीपीओ ने बताया कि जिन पात्र महिलाओं का अभी तक पंजीकरण नहीं हुआ है, वे अपने आसपास के आंगनबाड़ी केंद्र पर संपर्क करें। यदि पास में कोई केंद्र नहीं है, तो वे विभाग से भी संपर्क कर सकती हैं।