आर्य प्रतिनिधि सभा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. आनंद आर्य ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
दादरी और सिकंदराबाद को जोड़ने का किया अनुरोध
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। गाजियाबाद से दादरी, सिकंदराबाद होते हुए बुलंदशहर तक मेट्रो सेवा के विस्तार की मांग उठी है। आर्य प्रतिनिधि सभा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. आनंद आर्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर जनहित में इस मार्ग पर मेट्रो सेवा शुरू कराने की मांग की है।
डॉ. आनंद आर्य ने पत्र में कहा कि प्रदेश सरकार की रुचि और प्रयासों से नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में मेट्रो का सफल संचालन हो रहा है, लेकिन पश्चिमी उत्तर प्रदेश का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र अभी भी मेट्रो सेवा से वंचित है। ऐसे में गाजियाबाद से दादरी, सिकंदराबाद होते हुए बुलंदशहर तक मेट्रो का विस्तार किया जाना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर मेट्रो सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लाखों लोगों को सुगम, सुरक्षित और किफायती परिवहन सुविधा मिल सकेगी। साथ ही, यहां स्थित औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले हजारों श्रमिकों और कर्मचारियों को भी आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
न्यू नोएडा को भी मिलेगा फायदा
डॉ. आनंद आर्य ने कहा कि भविष्य में विकसित होने वाले न्यू नोएडा क्षेत्र के लिए भी यह मेट्रो कॉरिडोर काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। गाजियाबाद, दादरी, सिकंदराबाद और बुलंदशहर को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस प्रस्ताव की संभावनाओं का सर्वे कराकर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।