अग्निशमन विभाग के अनुसार, दोपहर 1:32 बजे आग की सूचना मिली थी। मौके पर डी-304 फ्लैट में आग तेजी से धधक रही थी। फ्लैट की मालकिन अनीता खेत्रपाल (लगभग 60 वर्ष) मौके पर मौजूद थीं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के निर्देशन में अग्निशमन कर्मियों ने तीसरे तल से होज पाइप लटकाकर होज लाइन बिछाई और फ्लैट के अंदर प्रवेश कर आग बुझाने का काम शुरू किया।
अग्निशमन दल ने तत्परता और समन्वित प्रयास से कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। आग को आसपास के फ्लैटों तक फैलने से पहले ही रोक लिया गया। राहत की बात रही कि घटना के समय फ्लैट में कोई व्यक्ति फंसा नहीं था। सभी लोग समय रहते भवन से बाहर निकल गए थे। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, फ्लैट में रखा घरेलू सामान आग की चपेट में आने से जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।