फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: क्रॉसिंग रिपब्लिक के त्यागी मार्केट में भीषण आग, 20 दुकानें जलकर राख

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने के पास गोल चक्कर स्थित त्यागी मार्केट में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 20 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। हादसे में रेस्टोरेंट, सैलून, चाय, फास्ट फूड और कबाड़ के गोदाम सहित कई दुकानें जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, करीब दो करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
विज्ञापन


आग की ऊंची लपटों से उठी चिंगारी करीब 200 मीटर दूर स्थित अजनारा ग्रीन सिटी की इमारत तक जा पहुंची और 22वीं मंजिल पर बंद फ्लैट के पर्दे में आग लग गई। इससे एसी ब्लास्ट हो गया और फ्लैट के अंदर रखा सामान जल गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने फ्लैट की दीवार तोड़कर आग बुझाई। इस दौरान तीन एसी, एलईडी, फर्नीचर समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल के अनुसार, चार भाइयों राधेश्याम त्यागी, कैलाश त्यागी, सुभाष त्यागी और जगदीश त्यागी की चार बीघा जमीन पर दुकानें बनी हुई हैं। आग की शुरुआत परांठे की दुकान से हुई। इस दौरान दुकान में रखे गैस सिलिंडर फटने से आग तेजी से आसपास की दुकानों में फैल गई। पीछे स्थित कबाड़ के गोदाम में आग पहुंचते ही हालात बेकाबू हो गए।
विज्ञापन

डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, गौतमबुद्धनगर से मंगवाए वाहन

सीएफओ के अनुसार विभाग को आग की सूचना सुबह 11:12 बजे मिली। इसके बाद वैशाली, कोतवाली, साहिबाबाद और गौतमबुद्धनगर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। छह फायर टेंडर, पांच वाटर बाउजर और एक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

सीएनजी पंप में आग की अफवाह से मची भगदड़
आग की ऊंची लपटों और धुएं के बीच सोशल मीडिया पर यह अफवाह फैल गई कि पास के सीएनजी पंप में आग लग गई है। इससे सोसायटियों में दहशत फैल गई और लोग परिवार सहित घर छोड़कर निकलने लगे। क्रॉसिंग रिपब्लिक के मुख्य गेट से वाहनों की एंट्री बंद कर दी गई। कई स्थानों पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। करीब डेढ़ घंटे बाद स्थिति स्पष्ट होने पर लोग वापस लौटे।
दमकल ने कवर किया सीएनजी पंप
क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना प्रभारी आग लगते ही पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंचे और दूसरी सोसायटी से पानी के पाइप बिछाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। घटनास्थल के पास स्थित सीएनजी पंप को लेकर दमकल और पुलिस टीम ने विशेष सतर्कता बरती। पंप को तुरंत बंद कराकर सुरक्षा घेरे में लिया गया और आग को उस दिशा में फैलने से रोका गया। अधिकारियों के मुताबिक, अगर आग पंप तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इन दुकानों को हुआ नुकसान

आग में आलोक कुमार श्रीवास्तव का यारिया रेस्टोरेंट, मुश्ताक अहमद का कबाड़ गोदाम, असलम व रेशमा की चाय दुकान, शिवम की क्रॉकरी दुकान, सौरभ और राजबहादुर राय की पान-सिगरेट दुकान, शशि शुक्ला की फास्ट फूड शॉप, जाकिर हुसैन की बिरयानी शॉप, वसीम का पराठा किंग और मुस्तकीम का सैलून समेत करीब 20 दुकानें जल गईं। आग की तेज लपटों के कारण दुकानदार अपना सामान तक नहीं बचा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें