गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाले राजमिस्त्री ने फांसी लगा ली। घंटों फंदे पर लटकने के बाद रस्सी टूट गई और शव नीचे गिर पड़ा। मकान मालिक को काफी देर बाद जानकारी हुई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसीपी कविनगर अभय राजेंद्र डागा ने बताया कि संजयनगर में राजमिस्त्री शंभू प्रसाद (50) किराए पर रहते थे। मूल रूप से दमोह, मध्यप्रदेश निवासी शंभू बुधवार शाम काम से लौटे थे। रात करीब एक बजे मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी कि राजमिस्त्री कमरे में बेहोश पड़े हैं।
मधुबन बापूधाम पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई पुलिस को राजमिस्त्री के गले में रस्सी का फंदा मिला। आधी रस्सी पंखे के कुंदे में लटकी थी और बाकी गले में थी। मौके से शराब के खाली पव्वे भी मिले हैं। आशंका है कि नशे की हालत में फंदा लगाया और मौत के बाद रस्सी टूट गई।
फॉरेंसिक टीम ने जांच की है। एसीपी ने बताया कि राजमिस्त्री कमरे में अकेले रहते थे, परिजनों को सूचना दे दी गई है।