खोड़ा। थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा विहार गली नंबर सात निवासी वसीम की पत्नी नूरानी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला था। मामला 12 नवंबर का है। इसके बाद नूरानी के पिता ने बेटी के ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न व हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने महिला के पति वसीम, ससुर नूर मोहम्मद समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। मुकदमा विवाहिता के पिता फर्रुखाबाद निवासी शमशाद अहमद की तहरीर पर दर्ज हुआ है।
पुलिस को दी तहरीर में शमशाद ने बताया कि उन्होंने मार्च 2025 में बेटी की शादी की थी। मंगनी में 11 लाख नकद, करीब 100 ग्राम सोने के गहने, 400 ग्राम चांदी के गहने व उपहार समेत अन्य सामान दिया था। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही वसीम, बेटी के ससुर नूर मोहम्मद, सास सकीना बेगम, जेठ शमशुदीन व निजामुदीन व नवाबुद्दीन, आदिल, जेठानी नजमा आदि दहेज की मांग करने लगे। विरोध करने पर बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से 12 नवंबर 2025 को बेटी नूरानी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसकी सूचना खोड़ा में ही रहने वाले उनके भाई दिलशाद को मिली तब उन्हें भी पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना देकर बुलाया। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मुकदमा दर्ज कर ससुर व कुछ अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।