जनपद मेरठ स्थित कंकरखेड़ा के रहने वाले ओमप्रकाश सिंह सेना से रिटायर्ड हैं। ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि फरवरी 2023 में उनकी पुत्री रुबी की शादी मोदीनगर के फफराना बस्ती निवासी भूपेन्द्रकांत के साथ हुई थी। भूपेन्द्रकांत ऊर्जा निगम में नौकरी करते हैं और वर्तमान में आगरा में तैनात हैं। ओमप्रकाश सिंह का आरोप है कि ससुराल वाले शादी में मिले दहेज से नाखुश थे और पांच लाख रुपये की मांग को लेकर आए दिन रूबी को प्रताड़ित करते थे।
कई बार उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। रुबी ने दो माह पूर्व बच्ची को जन्म दिया तो बेटी के जन्म से गुस्साए ससुराल वाले रुबी को और ज्यादा प्रताड़ित करने लगे। बताया कि गुरुवार को किसी ने फोन कर ससुराल वालों द्वारा रुबी की पिटाई करने की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो रुबी मृत मिली। आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने चुनरी से गला दबाकर रुबी की हत्या कर दी।
रुबी के परिवार वालों ने दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने और आरोपी ससुराल वालों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि रुबी के पिता ओमप्रकाश सिंह की तहरीर के अनुसार पति भूपेन्द्रकांत, ससुर सूरजपाल, सास ओमवती, जेठ विकास, जेठानी प्रीति व ननद अनीता और नन्दोई के खिलाफ दहेज हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
संबंधित वीडियो-