पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोतवाली में पति और सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव सिमरौली थाना बाबूगढ़ के निवासी अनुज ने बताया कि उसकी बहन सोनिका की शादी चार मार्च 2022 को मोहल्ला अर्जुन नगर डबरिया निवासी सूरज के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में करीब चार लाख रुपये खर्च करने के बावजूद पति और सास दहेज से संतुष्ट नहीं थे। शादी के करीब तीन माह बाद से ही विवाहिता को कम दहेज लाने का ताना देकर मारपीट और उत्पीड़न किया जाने लगा। आरोप है कि छह मार्च 2026 की सुबह करीब 9 बजे विवाहिता ने अपने मायके फोन कर बताया कि पति और सास दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर रहे हैं और बाइक न मंगाने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोप है कि उसी दिन दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को आग लगा दी गई। गंभीर हालत में उसे दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 11 मार्च 2026 की दोपहर करीब उसकी मौत हो गई। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति और सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।