गाजियाबाद। कविनगर क्षेत्र में रितु चौधरी की 11 जुलाई को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। रितु के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मामले में पुलिस ने रितु के पति को हिरासत में ले लिया है।
बुलंदशहर के जहांगीरपुर के गांव उदयपुर निवासी महेश चंद्र का कहना है कि उन्होंने अपनी बेटी रितु चौधरी की शादी आठ फरवरी 2019 को सदरपुर निवासी प्रिंस के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल पक्ष के लोगों ने रितु को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। पति प्रिंस, सास बीना चौधरी, ससुर देवेंद्र चौधरी, देवर अमर व विशाल चौधरी, चचेरा ससुर वीरेंद्र सिंह, चचेरी सास नीता चौधरी और दादा ससुर बलदान चौधरी फॉर्च्यूनर कार और दस लाख रुपये की मांग करने लगे।
किसी तरह रुपये का इंतजाम करके उन्होंने दो बार में नौ लाख रुपये भी दे दिए, इसके बावजूद ससुरालियों ने उनकी बेटी को प्रताड़ित करना बंद नहीं किया। 11 जुलाई की सुबह साढ़े सात बजे बेटी से उनकी आखिरी बार बात हुई। वह काफी डरी हुई थी। उसने बताया था कि ससुराल वाले उसे पीट रहे हैं और फांसी लगाकर हत्या करने की धमकी दे रहे हैं। दोपहर करीब पौने दो बजे बेटी के चचेरे ससुर वीरेंद्र ने उनके बेटे को फोन करके बेटी की मौत की सूचना दी।
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पति को हिरासत में ले लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।