गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र की एक युवती ने आरोप लगाए हैं कि एक गैर संप्रदाय के युवक ने फॉलोवर बढ़ाने के लिए उससे धार्मिक स्थल में शादी कर ली और बिहार ले गया। वहां से पर्यटक स्थलों पर ले गया और रील्स बनाकर अपने इंस्टाग्राम एकाउंट्स पर अपलोड की। फॉलोवर बढ़ने के बाद छोड़ दिया और अब पहचाने से भी इन्कार कर रहा है। पीड़िता ने पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
विजयनगर क्षेत्र में रहने वाली एक युवती मंगलवार को पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ के कार्यालय पहुंची। युवती ने बताया कि उनके पिता की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। मेहनत मजदूरी करके उनकी मां ने उनकी परवरिश की है। मूल रूप से वह बिहार के रहने वाले हैं और कई वर्षों से वह विजयनगर क्षेत्र स्थित एक कालोनी में परिवार के साथ रहती हैं। इंस्टाग्राम पर युवती की मुलाकात बिहार के युवक से हुई। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा दिया और बिहार से विजयनगर आ धमका। यहां उसने युवती से एक धार्मिक स्थल में चोरी-छिपे शादी की। शादी की तस्वीर भी युवती के पास हैं। आरोपी युवती को बिहार अपने घर ले गया, इसके बाद वह पर्यटक स्थलों पर घुमाने के बहाने ले गया और रील्स बनाई। इंस्टाग्राम एकाउंट और सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर रील्स अपलोड कर आईडी के फाॅलोवर बढ़ा लिए। इससे आरोपी को आय भी होने लगी। इसके बाद जब रील्स के फाॅलोवर घटने लगे तो आरोपी पीड़िता को गाजियाबाद छोड़कर जल्द वापस आने की बात कहकर चला गया। पीड़िता का आरोप है कि अब आरोपी युवक को वह कॉल करती है तो वह पहचानने से इन्कार कर रहा है। पीड़िता ने आरोपी पर धर्मांतरण और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
एक से बढ़कर 10 लाख हुए फाॅलोवर
युवती का आरोप है कि युवक बिहार में ही मिष्ठान, चाय और अन्य प्रतिष्ठानों पर दूध की आपूर्ति का काम करता है। शादी से पूर्व उसके फाॅलोवरों की संख्या मात्र 50 हजार से एक लाख तक थी। शादी के बाद आरोपी ने युवती के साथ रील्स बनाकर अपलोड की तो काफी लोगों ने उसे सराहा और फाॅलोवर की संख्या आठ से 10 लाख होने का दावा किया। साथ ही पीड़िता ने पुलिस को कई रील दिखाकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि युवती ने आरोपी युवक पर शादी करने, रील्स बनाने, धर्म परिवर्तन आदि गंभीर आरोप लगाए हैं। विजयनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूर्ण होने पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार किया जाएगा।