साहिबाबाद। धनतेरस को लेकर शहर के बाजार सजकर तैयार हैं और सुबह से खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी है। धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि की पूजा के साथ शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने की परंपरा को देखते हुए दुकानदारों ने भी विशेष तैयारियां की हैं। बाजारों में बर्तन, झाड़ू, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों, खील-बताशे, मिठाई और सजावटी सामान की दुकानें पर भीड़ दिखाई देने लगी हैं।
दुकानदारों के अनुसार बाजार में उपहार और सजावटी सामान की दुकानों पर भी रौनक देखने को मिल रही है। त्योहार को लेकर बाजारों में खरीदारी का उत्साह बना हुआ है। बाजार में 200 रुपये से लेकर दो हजार रुपये तक की तीन फीट तक की गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां उपलब्ध हैं। मूर्तियों की कीमत उनके आकार, डिजाइन और सजावट के अनुसार अलग-अलग है। वहीं, पूजन सामग्री की दुकानों पर भी सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है। लोग पूजा के लिए खील-बताशे, दीपक, धूप, अगरबत्ती और अन्य सामग्री खरीद रहे हैं। धनतेरस पर बर्तनों की खरीदारी को शुभ मानते हुए लोग स्टील, पीतल और तांबे के बर्तन भी खरीद रहे हैं। वहीं, घरों में सुख-समृद्धि की कामना के साथ झाडू खरीदने के लिए भी लोग दुकानों पर पहुंच रहे हैं।